Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

उत्तर प्रदेश के देवबंद में भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला

सहारनपुर, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर बुधवार को कार सवार अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। गोली आजाद के कमर को छूते हुए निकल गई। हमले के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह ठीक हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक हमले में एक गोली चंद्रशेखर आजाद को छूते हुए निकल गई, फिलहाल वह ठीक हैं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आजाद के काफिले पर कार सवार हथियारबंद अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गांधी कॉलोनी में कार्यक्रम से लौट रहे चंद्रशेखर आजाद के काफिले में हरियाणा नंबर की कार में सवार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में उनकी कार के शीशे टूट गए। एक गोली उनकी कार के गेट पर भी लगी है और दूसरी गोली चंद्रशेखर के कमर को छूते हुए निकल गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना की जानकारी के बाद चंद्रशेखर के समर्थकों की भीड़ जुट गई।

इस घटना को लेकर सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने सरकार को घेरा है। शिवपाल ने ट्वीट कर कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अराजकतत्व अपने सभी हदों व सरहदों को तोड़ने लगे हैं। आजाद पर हुआ जानलेवा हमला प्रदेश के खोखले हो चुके कानून-व्यवस्था के लिए एक अलार्म है।

Exit mobile version