Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

सोशल मीडिया पर अवैध पिस्टल के साथ फोटो वायरल करना दो युवकों को पड़ा भारी

नई दिल्ली: दोस्त से अवैध पिस्टल लेकर उसके साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक व उसके दोस्त को काफी भारी पड़ गया। पुलिस ने छानबीन के बाद दोनों को ढूंढ निकाला और हवालात के पीछे पहुंचा दिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मुस्तफाबाद निवासी मो. सलमान (22) और ईस्ट विनोद नगर निवासी मो. आदिल (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक पिस्टल व दो कारतूस बरामद कर लिये हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि पिछले दिनों इंस्टाग्राम का एक पोस्ट ट्वीटर पर बहुत वायरल हो रहा था। पोस्ट में एक युवक पिस्टल के साथ फोटो खिंचवाया हुआ था। पुलिस को इसका पता चला ‌तो भजनपुरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिये आरोपित की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए गए। टेक्नीकल सर्विलांस की मदद से आरोपितों की पहचान कर ली गई।
इसके बाद रविवार को कुंवर मंदरि, 66 फुटा रोड के पास ट्रैप लगाकर जांच शुरू कर दी गई। मुखबिर के इशारे पर गोकुलपुरी फ्लाईओवर की ओर जाते हुए दोनों युवक सलमान और आदिल को रोका गया। उनकी तलाशी लेने पर एक युवक के पास से  पिस्टल व दूसरे की जेब से एक कारतूस बरामद हुआ।
छानबीन के दौरान पता चला कि पिस्टल के साथ फोटो सलमान नामक युवक ने खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। पूछताछ के दौरान सलमान ने बताया कि पिस्टल उसने ‌आदिल से ली थी, जिसके बाद उसने वापस नहीं की। दोनों टशन में पिस्टल अपने पास रखते थे। आदिल ने ईस्ट विनोद नगर निवासी शादाब से पिस्टल खरीदी थी। फिलहाल शादाब कहां रहता है, इसकी जानकारी ‌आदिल को नहीं है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हि.स.
Exit mobile version