Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

बिहार में लाठीचार्ज के विरोध में शु्क्रवार को काला दिवस मनाएगी भाजपा

– शनिवार को राज्यभर में होगा प्रदर्शन: भाजपा अध्यक्ष

भाजपा ने नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव को ठहराया भाजपा कार्यकर्ता की मौत के जिम्मेदार

पटना, 13 जुलाई (हि.स.)। बिहार विधानसभा मार्च के दौरान पुलिस के लाठीचार्ज से हुई भाजपा कार्यकर्ता की मौत के बाद बिहार की राजनीति गरमा गयी है। भाजपा ने पीड़ित परिवार को गोद लेते हुए 10 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है। पुलिस के इस रवैये के खिलाफ भाजपा शुक्रवार को काला दिवस मनाएगी और 15 जुलाई को पूरे राज्य में प्रदर्शन करेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यकर्ता की मौत का जिम्मेदार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को ठहराया है। सम्राट ने कहा कि मैं सीधा आरोप लगा रहा हूं, आज हमारे कार्यकर्ता की हत्या की गई है। अभी पोस्टमार्टम कहां हुआ है, अभी होगा तब पता चलेगा। भाजपा के कार्यकर्ता की नीतीश कुमार ने हत्या की है। पार्टी इसकी निंदा करती है। जब से ममता दीदी के संरक्षण में आए हैं, तब से ये हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को 10 लाख मुआवजा दिया जायेगा और भाजपा ने शनिवार को धरना देने का भी ऐलान किया है।

सम्राट चौधरी ने भाजपा नेता की मौत के लिए राज्य सरकार को दोषी बताया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता गुंडाराज भुगत रही है। कार्यकर्ताओं पर लाठी बरसाना सरेआम गुंडागर्दी है। आज लोकतंत्र की हत्या हुई है। बिहार में आज जंगल राज दिखने को मिला है। नीतीश कुमार तेजस्वी यादव के कारण हमारे पार्टी के नेता विजय सिंह की हत्या हुई है, पूरे बिहार के हजार कार्यकर्ता घायल हुए हैं। मीना झा को हेड इंजुरी हुई है। जनार्दन सिग्रीवाल हॉस्पिटल में भर्ती हैं।

सम्राट चौधरी ने कहा कि पूरे बिहार में कल यानि शुक्रवार को भाजपा काला दिवस मनाएगी। राज्य भर में पुतला दहन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि राज्यपाल के बिहार आते ही भाजपा के नेता का डेलिगेशन उनसे मिलेगा सदन में भी हम मुद्दे को उठाएंगे।

ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि जब से ममता बनर्जी बिहार से गई है। तब से बिहार की हालत भी बंगाल के जैसा हो गया है। नीतीश कुमार भी ममता बनर्जी के रास्ते पर चल रहे हैं।

Exit mobile version