Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

राष्ट्रमंडल खेल: कुश्ती में भारत का स्वर्णिम प्रदर्शन जारी, विनेश ने जीता पांचवां स्वर्ण, पूजा को कांस्य

बर्मिंघम/नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेल 2022 में कुश्ती स्पर्धा में भारत का स्वर्णिम प्रदर्शन जारी है। शनिवार को रवि दहिया के बाद महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारत को एक और स्वर्ण पदक दिला दिया।

उन्होंने फ्रीस्टाइल 53 किलो में श्रीलंका की चामोडया केशानी को हराया। विनेश ने यह मैच 4-0 से अपने नाम किया। इसी के साथ महिला पहलवान विनेश ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण की हैट्रिक भी लगा ली है। विनेश ने लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। उन्होंने 2014 ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में 48 किलो और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में 50 किलो वर्ग में स्वर्ण जीता था।

विनेश के अलावा पूजा गहलोत ने महिलाओं की फ्रीस्टाइल 50 किलो वर्ग में कांस्य जीता। पूजा ने स्कॉटलैंड की क्रिस्टिले लेमोफैक को 12-2 से हराया। पूजा का राष्ट्रमंडल खेलों में यह पहला पदक है। उन्होंने 2019 में अंडर-23 चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था।

उल्लेखनीय दें कि इससे पहले रवि दहिया ने फ्रीस्टाइल 57 किलो के फाइनल में नाइजीरिया के एबिकेवेनिमो विल्सन को 10-0 से हराकर स्वर्ण जीता। भारत का कुश्ती में यह पांचवां स्वर्ण है। वहीं, इस खेल में कुल पदकों की संख्या नौ हो गई। रवि और विनेश के अलावा बर्मिंघम में कुश्ती में दीपक पूनिया, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक स्वर्ण जीत चुकी हैं।

Exit mobile version