Chhapra: श्रीराम जन्मोत्सव शोभा यात्रा समिति के तत्वावधान में रविवार को आयोजित रामनवमी शोभायात्रा में भारतीय जनता पार्टी सारण के जिला महामंत्री धर्मेंद्र कुमार साह ने सैकड़ो समर्थकों के साथ भाग लिया। यह शोभायात्रा छपरा शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जहां चारों ओर भक्ति और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
इसे भी पढ़ें: रामनवमी पर शहर में निकाली गई भव्य शोभा यात्रा
भगवा परिधानों में सजे श्रद्धालुओं की भीड़ ने जय श्रीराम के नारों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया। डीजे, ढोल-नगाड़े, झांकियां और बैंड-बाजों के साथ निकली इस यात्रा में आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया और पूरे शहर को भगवामय रूप में सजाया गया।
जुलूस में शामिल धर्मेंद्र कुमार साह ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को दिशा दिखाते हैं। उन्होंने रामनवमी के अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज में सद्भाव, एकता और मर्यादा की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
शोभायात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर स्थानीय प्रशासन और समिति की भूमिका की भी सराहना की गई। यह आयोजन छपरा में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन गया है।