सारण के विकास हेतु विकासात्मक कार्यों में लायी जाएगी तेजी: प्रभारी मंत्री

सारण के विकास हेतु विकासात्मक कार्यों में लायी जाएगी तेजी: प्रभारी मंत्री

Chhapra: गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजेंद्र स्टेडियम  में  सुमित कुमार सिंह  मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सह प्रभारी मंत्री सारण जिला द्वारा झंडोत्तोलन कर परेड की सलामी ली गई। 

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के द्वारा आकर्षक झांकी भी निकाली गई।  मंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हमारा देश 74 वाँ गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को देश में स्वनिर्मित संविधान लागू हुआ था। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर आयोजित इस समारोह में मैं आप सभी का हार्दिक अभिनंदन करता हूँ। इस अवसर पर मैं सभी स्वतंत्रता सेनानियों के साथ संविधान सभा के महापुरूषों के योगदान का भी स्मरण करता हूँ जिनके द्वारा निर्मित संविधान ने हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को निरंतर मजबूत बनाया है। देश की एकता, अखंडता को अक्षुण्ण बनाये रखने में इसकी सर्वोच्च भूमिका है।

सारण जिला वीर सपूतों की धरती रही है। यह धरती डॉ० राजेन्द्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, शहीद राजेन्द्र सिंह, दारोगा प्रसाद राय, मौलाना मजहरूल हक, भोजपुरी के शेक्सपियर भिखारी ठाकुर एवं महेन्द्र मिश्र जैसे विभूतियों की हैै। इस धरती के अनेक वीरों ने अपनी कुर्बानी देकर राज्य एवं देश की सेवा की है और सारण का नाम गौरवान्वित किया है। ऐसे वीर सपूतों को भी मैं हार्दिक नमन करता हूँ ।

शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति हेतु लगातार सरकार के द्वारा प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षित बिहार, विकसित बिहार के लिए वित्तीय वर्ष 2022-23 में निःशुल्क पाठ्य पुस्तक योजना मद में सारण जिलान्तर्गत कक्षा 1 से 8 तक के 4 लाख 62 हजार 337 छात्र-छात्राओं के खाते में 14 करोड़ 45 लाख से अधिक की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से शिक्षा विभाग के राज्य कार्यालय द्वारा हस्तांतरित की गई है, जिससे छात्र-छात्राओं द्वारा पाठ्य पुस्तक का क्रय किया गया। मुख्यमंत्री बालक-बालिका पोषाक योजना अन्तर्गत जिला के 4 लाख 41 हजार 347 छात्र-छात्राओं के खाते में 26 करोड़ 48 लाख से अधिक की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से राज्य कार्यालय द्वारा हस्तांतरित कर दी गई है। सारण जिलान्तर्गत सभी 20 प्रखंडों में संचालित कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय में 11 से अधिक आयुवर्ग के 2266 बच्चियाँ नामांकित होकर अघ्ययन कर रही है।

आमजनों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने हेतु सरकार कृत संकल्पित है। स्वास्थ्य सेवाओं में स्तरीय सुधार हेतु चलाए गए विशेष अभियान के तहत मिशन-60 अभियान के अन्तर्गत सदर अस्पताल, छपरा के सुढ़ढ़ीकरण हेतु विभिन्न कार्य करवाए गए हैं। जिससे अस्पताल के आधारभूत संरचना एवं सेवाओं में गुणात्मक सुधार आया है। जिलान्तर्गत 40 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 388 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों को हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित कर स्वास्थ्य सेवाये उपलब्ध कराई जा रही है। यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज दिवस 2022 के अवसर पर मकेर प्रखंड अन्तर्गत फुलवरिया हेल्थ एण्ड वेलनेस टीम को राज्य की सर्वश्रेष्ठ टीम के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री बाल हृदय योजनान्तर्गत जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित 42 बच्चों का शल्य क्रिया द्वारा सफल इलाज किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की वजह से सारण जिलान्तर्गत अगस्त, 2022 से दिसम्बर 2022 तक ओ0पी0डी0 में कुल 14 लाख 75 हजार 890 से अधिक एवं आई0 पी0 डी0 में 83 हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया गया है।

सरकार के द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण के तहत् अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सदस्यों को अनुदान राशि मुहैया कराया जाता है। माह अगस्त, 2022 से अबतक 239 पीड़ित अथवा पीड़िता को कुल 01 करोड़ 48 लाख से अधिक की राशि का भुगतान मुआवजा राशि के तौर पर पीड़ितों को बैंक खाता के जरिए किया गया है।

हमारी सरकार मजदूर भाईयों को रोजगार देने के लिए कृत संकल्पित है। 01 अप्रैल 2022 से 23 जनवरी 2023 तक सारण जिला में मनरेगा योजनान्तर्गत 76 लाख 80 हजार से अधिक मानव दिवस सृजित किया गया है। इस अवधि में 206 करोड़ 51 लाख से अधिक की राशि का भुगतान हुआ। जिला में सामाजिक वानिकी के तहत् 05 लाख 35 हजार से अधिक पौधारोपण किया गया है।

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विधार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत् वित्तीय वर्ष 2022-23 में 87 लाख 05 हजार रूपया प्रोत्साहन राशि के जरिए 581 छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक छात्रावास योजना के तहत् वित्तीय वर्ष, 2022-23 में 01 लाख 40 हजार रूपये के जरिए 140 लाभुकों को लाभान्वित किया गया। अल्पसंख्यक मुस्लिम परित्यक्ता/तलाकशुदा महिला हेतु सहायता योजना के तहत् वित्तीय वर्ष, 2022-23 में 04 लाख 75 हजार रूपया व्यय कर कुल 19 मुस्लिम तलाकशुदा/परित्यकता महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा चुका है।

पंचायती राज विभाग के अंतर्गत जिलें के कुल 20 प्रखंडों के 3353 पी.आर.डी. वार्डो में नल-जल का कार्य पूर्ण करते हुए 04 लाख 20 हजार 342 से अधिक घरों में पानी का कनेक्शन उपलब्ध कर दिया गया है। जिले के कुल 20 प्रखंडों के 04 हजार 577 वार्डों में गली-नाली का कार्य पूर्ण कर शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त कर ली गयी है। मुख्यमंत्री सोलर लाईट योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 में प्रत्येक ग्राम पंचायत अंतर्गत 04 वार्डों में 10-10 सोलर लाईट का अधिष्ठापन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना अन्तर्गत कुल 52 पैक्सों का चयन किया गया है। इनमें से अभीतक 40 पैक्सों द्वारा 39 ट्रैक्टर, 31 रोटावेटर, 17 मल्टीक्राप थ्रेसर सहित कुल 115 कृषि यंत्रों का जेमपोर्टल के माध्यम से क्रय किया गया है।
कृषि को बढ़ावा देने हेतु डीजल अनुदान योजना-खरीफ वर्ष 2022 के अन्तर्गत सारण जिला के विभिन्न प्रखंडों में 65 हजार 806 किसानों के बीच 4 करोड़ 55 लाख से अधिक की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाता में हस्तांतरित की गयी। जैविक काॅरिडोर योजना अन्तर्गत कुल 5 प्रखंडों के 1000 एकड़ में 1462 किसानों द्वारा जैविक खेती की जा रही है। वर्ष 2022-23 में जैविक खेती का 10 प्रखंडों में विस्तार कर 2000 एकड़ में खेती किये जाने की योजना चल रही है।

सारण जिलान्तर्गत सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अन्तर्गत कुल 03 लाख 72 हजार 346 पेंशनधारियों को पेंशन का भुगतान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत् कुल 01 लाख 48 हजार 220 पेंशनधारियों को पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।

सारण जिला अन्तर्गत क्रियाशील आॅगनबाड़ी केन्द्रों पर स्कूल पूर्व शिक्षा प्राप्त कर रहे 3 से 6 वर्ष तक के 01 लाख 51 हजार 107 बच्चों को दैनिक पोषाहार दिया जाता है तथा टी.एच.आर. के रुप में 03 लाख 27 हजार 904 सामान्य एवं कुपोषित बच्चों को प्रतिमाह लांभावित किया जाता है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बेटियों को शिक्षा एवं उनके गुणों को प्रोत्साहित करने, बाल विवाह रोकने, दहेज प्रथा का विरोध करने हेतु सामाजिक माहौल बनाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार का कार्य लगातार जिले में करवाया जा रहा है।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के 4 लाख 78 हजार 101 कार्डों के अन्तर्गत 25 लाख 66 हजार 805 व्यक्तियों को प्रतिमाह 05 किलो खाद्यान मुफ्त वितरण कराया जा रहा है। अन्त्योदय अन्न योजना के तहत 1 लाख 929 कार्डों के अन्तर्गत चयनित परिवारों को प्रतिमाह प्रति परिवार 35 किलो खाद्यान मुफ्त वितरण किया जा रहा है।

सारण जिला को लगातार प्रगति की ओर उन्मुख करने हेतु राज्य सरकार द्वारा लगातार विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का निर्माण कार्य जिला में करवाया जा रहा है। इसके तहत् छपरा मेडिकल काॅलेज के निर्माण कार्य के साथ-साथ महिला आई0टी0आई0 के भवन निर्माण का कार्य एवं सात निश्चय योजनान्तर्गत छपरा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
बिहार में लागू शराबन्दी कानून का जिला में सख्ती से अनुपालन करवाया जा रहा है। माह अगस्त, 2022 से अभीतक पुलिस विभाग एवं मद्यनिषेध विभाग द्वारा 31 हजार 225 छापेमारी करते हुए 01 हजार 285 अभियोग दर्ज करते हुए 07 हजार 179 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, इस क्रम में 1 लाख 28 हजार लीटर शराब बरामद किया गया है। मेरी आप सबों से अपील है कि शराब जैसी बुरी चीज को जिला से पूरी तरह समाप्त करने में आप सभी एकजुट होकर प्रशासन का सहयोग करें ताकि सारण जिला आदर्श जिला बनाकर औरो को भी प्रेरित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के द्वारा भी कई कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इन सभी योजनाओं से सारण जिला का सर्वांगीण विकास होगा। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सारण जिला के चैमुखी विकास हेतु हम पूरी तत्परता से कार्य करते रहेंगे। ऐसा आपलोगों को मैं विश्वास दिलाना चाहूँगा। एक बार मैं पुनः उन सभी महान स्वतंत्रता सेनानियों को अपना श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं जिनकी असीम कुर्बानियों ने भारत को स्वतन्त्र एवं गणतांत्रिक देश बनाया।
मेरे साथ तीन बार जोर से बोले

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें