रांची: बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव से पहले सभी विपक्षी दलों को गोलबंद कर एक साथ चुनाव लड़ना है। खास कर क्षेत्रीय दल जिस भी राज्य में मजबूत हैं, उनको मजबूती के साथ लड़ाई लड़नी है। सभी पार्टियों की चाहत होती है कि ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ें लेकिन जो जहां भी मजबूत है, वहां उसे मौका मिलना चाहिए। हम अपनी ताकत को बढ़ाएंगे तभी चुनाव लड़ने के लिए सक्षम हो पाएंगे। तेजस्वी यादव रांची में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बिहार में खेला करने में लगे थे लेकिन हमने बिहार में ‘खेला’ कर दिया और भाजपा सत्ता से बाहर हो गयी। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक शक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी यही कहते हैं कि सबको साथ मिल कर लड़ना होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर ली है। मुख्यमंत्री से कई मुद्दों पर बात हुई है।
तेजस्वी यादव रविवार को पार्टी की गतिविधियों को लेकर चर्चा करेंगे। झारखंड में पार्टी का जनाधार कैसे आगे बढ़े, पार्टी झारखंड में कैसे ज्यादा सीट जीत सके, इस बात को लेकर के तेजस्वी यादव बैठक करेंगे। होटल रेडिसन ब्लू में तेजस्वी यादव रुकेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे।