दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा: एक चरण में 5 फरवरी को मतदान, 8 फरवरी को आयेंगे नतीजे

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा: एक चरण में 5 फरवरी को मतदान, 8 फरवरी को आयेंगे नतीजे

नई दिल्ली, 7 जनवरी (हि.स.)। चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। दिल्ली में चुनाव एक ही चरण में होगा, जिसके तहत 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 8 फरवरी को चुनाव के नतीजे आएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने अपने सहयोगी चुनाव आयुक्तों के साथ मंगलवार को यहां विज्ञान भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली विधानसभा चुनावों का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि चुनाव की राजपत्र अधिसूचना 10 जनवरी 2025 को जारी की जाएगी।

नामांकन करने की अंतिम तिथि 17 जनवरी, 2025 होगी। नामांकन की जांच की तिथि 18 जनवरी 2025 रहेगी। 20 जनवरी 2025 तक उम्मीदवारी वापस ली जा सकेगी। 05 फरवरी 2025 को मतदान होगा और मतगणना 8 फरवरी, 2025 को होगी। उन्होंने तकनीकी पक्ष की चर्चा करते हुए कहा कि 10 फरवरी 2025 से पहले चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हो जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में एक करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें 83,49,645 पुरुष मतदाता हैं, 71,73,952 महिला मतदाता और 1261 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। इनमें 18-19 आयु वर्ग 52,554 मतदाता जोड़े गए हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे।

गौरतलब है कि चुनाव को लेकर सभी मुख्य पार्टियां अपनी तैयारी शुरू कर चुकी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई वाली आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता हथियाने की कोशिश में है। कांग्रेस भी कड़ी टक्कर की तैयारी कर रही है और उसे उम्मीद है कि वह आश्चर्यजनक जीत हासिल कर लेगी।

दिल्ली में लगातार 15 साल तक राज करने वाली कांग्रेस पिछले दो विधानसभा चुनावों में एक भी सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी। 2020 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा जैसी पुरानी और बड़ी पार्टी सिर्फ 8 सीटें जीत सकी।

इस बार आआपा सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतार चुकी है। कांग्रेस अब तक कुल 48 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है जबिक भाजपा ने शनिवार को 29 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।

LIVE

 

महत्वपूर्ण मानी जाने वाली नई दिल्ली विधानसभा सीट के लिए भाजपा ने पूर्व सांसद रहे प्रवेश वर्मा को चुनावी मैदान में उतरा है। उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से है। कांग्रेस ने इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को चुनावी मैदान में उतारा है। त्रिकोणीय मुकाबले से यह सीट काफी चर्चित हो गई है। उधर, कालकाजी सीट भी काफी सुर्खियों में है। यहां से मुख्यमंत्री आतिशी सिंह का मुकाबला भाजपा के नेता रमेश विधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से होगा।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें