मुंबई में आईएनएस ब्रह्मपुत्र अग्निकांड में लापता नाविक का शव बरामद

मुंबई में आईएनएस ब्रह्मपुत्र अग्निकांड में लापता नाविक का शव बरामद

मुंबई, 24 जुलाई (हि.स.)। मुंबई में बुधवार को आईएनएस ब्रह्मपुत्र अग्रिकांड में लापता नाविक का शव बरामद कर लिया गया है। लापता नाविक की पहचान सितेंद्र सिंह के रूप में की गई है। नौसेना एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और भारतीय नौसेना के सभी कर्मियों ने नाविक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

जानकारी के अनुसार पिछले सप्ताह मुंबई डॉकयार्ड में मरम्मत के लिए आई नौसेना के युद्धपोत आईएनएस ब्रह्मपुत्र में आग लग गई थी। इस घटना में नाविक सितेंद्र सिंह लापता हो गए थे। इस घटना की समीक्षा के लिए नौसेना एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी दो दिन के लिए मुंबई दौरे पर थे। उन्होंने इस घटना की समीक्षा की।

नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा, गहन गोताखोरी अभियान के बाद आज लीडिंग सीमैन सितेंद्र सिंह का शव मिल गया है। उन्होंने कहा कि नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी और भारतीय नौसेना के सभी कर्मियों ने सिंह के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। एडमिरल त्रिपाठी ने कल मुंबई का दौरा किया और दुर्घटना के लिए घटनाओं के अनुक्रम और लापता नाविक का पता लगाने के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा की।

नौसेना ने एक बयान में कहा, सीएनएस (नौसेना प्रमुख) को नुकसान की सीमा को सीमित करने, जहाज की कार्यक्षमता को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए मरम्मत की योजना और मरम्मत कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। सीएनएस ने निर्देश दिया कि आईएनएस ब्रह्मपुत्र को समुद्र में चलने लायक और युद्ध के लिए तैयार करने के लिए कमान और नौसेना मुख्यालय द्वारा सभी कार्रवाई तुरंत शुरू की जानी चाहिए। इसमें कहा गया, इस दुख की घड़ी में भारतीय नौसेना शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें