(प्रशांत सिन्हा)
भारत भूमि पर समय समय पर ऐसी दिव्य विभूतियां जन्म लेती रही हैं जिन्होंने सम्पूर्ण मानव जाति को अपनी प्रतिभा से आश्चर्य चकित किया है। जब संयुक्त राष्ट्र संघ ने 1984 में अंतरराष्ट्रीय युवा वर्ष घोषित किया तब उस समय भारत सरकार ने उसकी महत्ता को समझते हुए सन 1984 में घोषणा किया स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस 12 जनवरी को ही राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका के शिकागो में आयोजित सर्व धर्म सम्मेलन से लौटते समय रामेश्वरम के पंबन तट पर कहा था कि ” मेरी चिर पुरातन भारत माता एक बार फिर जाग रही है । मैं न तो ज्योतिषी हूं और न भविष्यवक्ता लेकिन मैं प्रत्यक्ष रूप से देख रहा हूं कि आने वाली सदियां भारत की होगी। जिनकी आँखें नहीं है वे नहीं देख सकते। विछिप्त बुद्धि के लोग इसे नहीं समझ सकते। स्वामी विवेकानंद भारत के प्रति अत्याधिक लगाव रखते थे। वे एक देशभक्त संन्यासी थे।
स्वामी विवेकानंद विशुद्ध रूप से आध्यात्मिक व्यक्ति थे और भारतीयता के क्रांतिकारी अग्रदूत भी। उनमें भारत की आध्यात्मिकता और भौतिक विकास की ललक थी। उन्होने एक बार कहा था ” मुझे उस धर्म व राष्ट्र से संबंध रखने पर गर्व है जिसने दुनिया को सहिष्णुता और सार्वभौमिकता सिखाई है। हम न केवल सार्वभौमिक सहनशीलता में विश्वास रखते हैं बल्कि सभी धर्मों को सत्य के रूप में स्वीकार करते है। मुझे भारतीयता होने पर गर्व है, जिसमें विभिन्न राष्ट्रों के पीड़ितों और शरणार्थियों को आश्रय दिया है। जब वे चार साल बाद अमेरिका और ब्रिटेन की यात्रा कर भारत लौटे तो वे मातृभूमि को नमन कर पवित्र भूमि पर लेटकर लोट पोट हुए। यह मातृभूमि के प्रति उनके मन में अपार श्रद्धा और मां भारती के प्रति प्रेम था। उन्होने कहा था मातृभूमि का कण कण पवित्र और प्रेरक है इसलिए इस धूलि में रमा हूं।
उन्होने माना कि पश्चिम भोग लालसा में लिप्त है। इसके विपरीत आध्यात्मिक मूल्य और लोकाचार भारत के कण कण में रचा बसा है। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं के लिए कहा था ” उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक मंजिल प्राप्त न हो जाए। उन्होने कहा था कि युवाओं में लोहे जैसी मांशपेशियां और फौलादी नसे हैं, जिसका हृदय वज्र तुल्य संकल्पित है। उन्होने अमेरिका स्थित शिकागो में सन् 1893 में आयोजित विश्व धर्म महासभा में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया था । भारत का आध्यात्मिकता से परिपूर्ण वेदांत दर्शन अमेरिका और यूरोप के हर एक देश में स्वामी विवेकानंद के उद्बोधन के कारण हुआ। इस उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद द्वारा सभी को ” भाइयों एवं बहनों ” कहकर संबोधित किए जाने से सभी के मन पर गहरा प्रभाव डाला। उस भाषण को आज भी याद किया जाता है।
वास्तव में स्वामी विवेकानंद आधुनिक मानव के आदर्श प्रतिनिधि हैं। विशेषकर भारतीय युवाओं के लिए स्वामी विवेकानंद से बढ़कर दूसरा नेता नहीं हो सकता जिसने विश्व पटल पर अपनी अमिट छाप छोड़ी हो। उन्होने देशवासियों को जो स्वाभिमान दिया है वह उत्तराधिकार के रूप में प्राप्त कर हमारे अंदर आत्मसम्मान और अभिमान जगा देता है। स्वामी जी ने जो लिखा और कहा वह हमारे लिए प्रेरणा है। यह आने वाले लंबे समय तक युवाओं को प्रेरित व प्रभावित करता रहेगा।
शिकागो में दुनिया ने जब उन्हें सुना तब जाना कि भारत की धरती पर एक ऐसा व्यक्तित्व पैदा हुआ है जो दिशाहरा मानवता को सही दिशा देने में समर्थ है। शिकागो में विवेकानंद ने कहा था कि ” मुझे गर्भ है कि मैं उस धर्म से हूं जिसने दुनिया को सहिष्णुता और सार्वभौमिक स्वीकृति का पाठ पढ़ाया है। हम सिर्फ सार्वभौमिक सहिष्णुता पर ही विश्वास नहीं करते बल्कि हम सभी धर्मों को सच के रूप में स्वीकार करते हैं। मुझे गर्व है कि मैं उस देश से हूं जिसने सभी धर्मों एवं देशों के सताए गए लोगों को अपने यहां शरण दिया।
स्वामी विवेकानंद ने भारतीय वांग्मय और भारतीय धर्म संस्कृति का ही विश्व को परिचय नहीं कराया बल्कि सार्वभौमिक सहिष्णुता के उस सिद्धांत को संसार के हर कोने तक पहुंचाने की कोशिश भी की।