गोपालगंज: बिहार में गोपालगंज नगर थाने के गार्ड रूम में एक होमगार्ड जवान ने राइफल से खुद को गोली मार ली। गर्दन में गोली लगने से होमगार्ड जवान की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसपी आनंद कुमार, एसडीपीओ सदर नरेश पासवान नगर थाने में पहुंच कर घटना के बारे में जानकारी लेने पहुंचे। मृतक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुधसी गांव निवासी गुरूनिधी सिंह के रूप में हुई है। होमगार्ड जवान ने आत्महत्या क्यों की? ये अभी साफ नहीं हो सका है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुधसी गांव के गुरूनिधी सिंह होमगार्ड जवान थे। गुरूनिधी सिंह नगर थाने में तैनात थे। शनिवार की दोपहर करीब 12.45 बजे में गार्ड रूम में गए। काफी देर तक गार्ड रूम के अंदर से वे नहीं निकले। कुछ देर बाद उन्होंने अपनी रायफल से खुद को गोली मार ली।गोली गर्दन को फाड़ते हुए सिर से बाहर निकल गई, जिससे मौके पर ही होमगार्ड जवान गुरूनिधी सिंह की मौत हो गई। गार्ड रूम से अचानक आई आवाज सुनकर सनसनी फैल गई। कुछ देर तक तो जवान समझ ही नहीं पाए कि हुआ क्या है। बाद में गोली की आवाज सुनकर थाने में मौजूद पुलिस पदाधिकारी तथा पुलिस कर्मी दौड़ कर गार्ड रूम में पहुंचे। देखा कि गुरूनिधी सिंह का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ है।
घटना की सूचना एसपी आनंद कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी आनंद कुमार, एसडीपीओ नरेश पासवान घटनास्थल पर पहुंच गए। जानकारी लेते हुए एसपी मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। होमगार्ड जवान गुरूनिधी सिंह ने क्यों आत्महत्या की? ये अभी साफ नहीं हो सका है। नगर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।