पटना: राजधानी पटना के मीठापुर बस स्टैंड में सोमवार की सुबह एक बस कंडक्टर की हत्या कर दी गई। मारे जाने वाले बस कंडक्टर पर एक लड़की से छेड़खानी करने का आरोप है।पुलिस के अनुसार लड़की दो लड़कों के साथ बस पकड़ने पहुंची थी।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बस कंडक्टर की नीयत लड़की को देखकर खराब हो गई और वो उससे छेड़खानी करने लगा। पहले तो लड़की ने उसकी हरकत को नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में उसने देखा कि कंडक्टर की हरकतें बढ़ती जा रही हैं तो उसने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद लड़की के साथ आए युवकों ने भी उसके साथ मारपीट करने लगे। इस बीच इन तीनों में से किसी एक ने कंडक्टर को चाकू मार दिया। बस कंडक्टर पर युवकों के हमला करते ही आसपास की दूसरी बसों के स्टाफ मौके पर पहुंच गए और चाकू मारने वालों को धर दबोचा। इसके बाद घायल कंडक्टर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
लड़की फरार, लड़के गिरफ्तार
घटना के बाद लड़की वहां से फरार हो गई, जबकि दोनों युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मारे गए बस कंडक्टर की पहचान गया जिले के अतरी के रहने वाले मनोज कुमार (42 वर्ष) के रूप में हुई है।यह घटना मीठापुर बस स्टैंड के गेट नंबर एक के पास हुई है। बहरहाल लड़की का अभी कुछ अता-पता नहीं चल पाया है। पुलिस उसके बारे में पता करने की कोशिश में जुटी है।
A valid URL was not provided.