Chhapra: साइबर अपराधियों पर सारण साइबर थाना द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिसके परिणाम स्वरूप कई मामलों का उद्भेदन हुआ है। जिससे ठगी के शिकार हुए पीड़ितों को राहत मिली है। वहीं कई मामलों में पीड़ितों के पैसे भी वापस मिले हैं।
साइबर पुलिस ने आम लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर 45 लाख ठगने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल से इस मामले में एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना द्वारा इस कांड में अभी तक कुल 7 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। जिनमें 3 अभियुक्त को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, 2 अभियुक्त को पश्चिम बंगाल के बैरकपुर एवं कोलकाता से तथा 2 अभियुक्त को उत्तर प्रदेश के मऊ एवं वाराणसी से गिरफ्तार किया गया था। इसके साथ ही साइबर थाना द्वारा ठगी हुए रुपयों में से अब तक 4 लाख 71 हजार पीड़ित को वापस कर दिया गया है।
Digital Arrest कर 45 लाख रुपये की हुई थी धोखाधड़ी
पुलिस उपाधीक्षक सह सारण साइबर थानाध्यक्ष अमन ने बताया कि दिनांक-03.11.24 को सारण साइबर थाना को लिखित आवेदन प्राप्त हुआ। जिसमें वादी को इन्वेस्टीगेशन के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर उनके खाते से कुल 45,86000 रु० का धोखा धड़ी कर निकासी कर लिया गया है। इस संबंध में सारण साइबर थाना कांड सं0-344/24, दिनांक-03.11.24 धारा-303(2)/318(4)/319 (2) बी०एन०एस० एवं 66 (सी) / 66 (डी) एक्ट दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खाते में गई थी 10 लाख की राशि
उन्होंने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के क्रम में पूर्व में इस कांड के 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुनः इसी क्रम में प्राप्त आसूचना के आधार पर एक और अभियुक्त जिसके खाते में वादी के 10 लाख 20 हजार रू का अवैध ट्रांसफर हुआ था उस बैंक के खाताधारक को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। 10 लाख 20 हजार रू की राशि में से पकड़ाये अभियुक्त द्वारा 8 लाख रूप्ये चेक के माध्यम से निकासी की गयी थी।
उन्होंने बताया कि इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रत्तर कार्रवाई की जा रही है। सारण साइबर थाना द्वारा न्यायालय से आदेश प्राप्त कर इस कांड के वादी को विभिन्न बैंको में फिज किये गये कुल 4 लाख 71 हजार रूप्ये की राशि वापस करायी गयी है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में निलाद्री बरूआ, पिता-डुडुल बरुआ, साकिन-15 मलंगा लेन, थाना-बउ बाजार, जिला-कोलकाता, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक मोबाईल बरामद किया गया है।
साइबर थाना को तुरंत दें साइबर क्राइम की जानकारी
पुलिस उपाधीक्षक सह सारण साइबर थानाध्यक्ष अमन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की सूचना तुरंत थाना को दें। पुलिस पूरी तत्परता से अपराधियों को पकड़ने का प्रयास करेगी। साथ ही साइबर सुरक्षा पोर्टल और टॉल फ्री नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक को क्लिक करने से बचना चाहिए।