नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के महेंद्र पार्क इलाके में एक महिला के दोस्त ने उसके पति पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद महिला अपने दोस्त के साथ मौके से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक घायल युवक पंडित मौहल्ला ओल्ड कोंडली का रहने वाला है और उसका नाम राहुल सिंह (31) है। मंगलवार देर रात पुलिस को जहांगीरपुरी डीडीए फ्लैट में एक युवक को चाकू मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राहुल सिंह को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती करवाया। उसके कूल्हे पर चाकू से कई वार किए गए थे।
राहुल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी वंदना ने अपने दोस्त राहुल से उनपर हमला करवाया है। उसने बताया कि पांच साल पहले उसने वंदना से शादी की थी। 8-9 माह पहले दोनोें के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। वह पत्नी को छोड़कर अपने कोंडली स्थित घर चला गया। दो तीन दिन पहले वह अपनी पत्नी के पास आकर रहने लगा।
मंगलवार देर रात वंदना अपने दोस्त राहुल के साथ घर पहुंची। उसका दोस्त उसे धमकी देने लगा और कहा कि वंदना अब उसके साथ रहेगी। इस बात का विरोध करने पर आरोपित राहुल ने चाकू निकाल लिया और उसपर हमला कर दिया। घटना को अंजाम देकर दोनों मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के बयान पर पुलिस ने गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।





