पटना के जेठुली में हुए गोलीकांड में तीसरी मौत, घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम

पटना के जेठुली में हुए गोलीकांड में तीसरी मौत, घायल ने अस्पताल में तोड़ा दम

-आक्रोशित लोगों ने आरोपितों की सिगरेट फैक्टरी और मैरिज हॉल में लगायी आग

पटना: राजधानी पटना के फतुहा में नदी थाना क्षेत्र के जेठुली पंचायत में रविवार रात हुए गोलीकांड में एक और व्यक्ति की मौत हो गयी है। घटना में मरने वाले लोगों की कुल संख्या अब तीन हो गयी है। गोली लगने के बाद पीएमसीएच में इलाज करा रहे मुनारिक राय की मौत सोमवार दोपहर को हो गयी। दो लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

इस गोलीकांड को लेकर लोगों का आक्रोश अभी नहीं थमा है। दूसरे दिन भी हिंसा जारी है। सोमवार सुबह भी हत्या की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या में शामिल आरोपितों के गैस गोदाम में रखे हुए सारे सिलेंडर को गंगा नदी में बहा दिया। साथ ही आरोपितों के घर के पीछे बनी सिगरेट फैक्टरी और मैरिज हॉल को भी आग के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। दोपहर साढ़े बारह बजे अंतिम संस्कार करके लौट रही भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया। पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की। इलाके में तनाव बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि रविवार रात पार्किंग को लेकर जेठुली पंचायत में गोलीबारी हुई थी। जिसमें 50 राउंड गोली चलने की बात कही जा रही है। बताया गया कि टुनटुन यादव (पूर्व पंचायत प्रतिनिधि) नामक एक शख्स अपने गैरेज से गाड़ी निकाल रहा था। इसी दौरान जेठुली पंचायत के मुखिया सतीश यादव उर्फ बच्चा राय के ड्राइवर को गाड़ी हटाने के लिए कहा। टुनटुन यादव की बात सुनते ही बच्चा राय का ड्राइवर आक्रोशित हो गया और बहस करने लगा। धीरे-धीरे विवाद बढ़ गया। इसी दौरान बच्चा राय के ड्राइवर ने ताबड़तोड़ गोली चला दी। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि आज दोपहर गोलीकांड में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गयी।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें