पटना, 25 जून (हि.स.)। राज्य सरकार ने छह आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। पटना के डीएम शीर्षत कपिल अशोक का भी तबादला हुआ है। इनकी जगह पर चंद्रशेखर सिंह को एक बार फिर पटना का जिलाधिकारी बनाया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी की है।
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार चंद्रशेखर सिंह पटना के डीएम बनाये गये हैं। चंद्रशेखर पहले भी इसी पद पर थे। बाद में उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष सचिव बनाकर शीर्षत कपिल अशोक को पटना का डीएम बनाया गया था। पटना के मौजूदा डीएम शीर्षत कपिल अशोक को बिहार राज्य पथ निर्माण निगम में एमडी बनाया गया है। वे पथ निर्माण विभाग में विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे हिमांशू शर्मा को जीविका का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे एक और अधिकारी निलेश रामचंद्र देवरे को नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वे ब्रेडा और बिहार राज्य संचरण कंपनी के एमडी के भी चार्ज में रहेंगे। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के एमडी आदित्य प्रकाश को स्वास्थ्य विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। राज्य सरकार ने छतीसगढ़ से कैडर बदलवा कर बिहार आए आईएएस अधिकारी लक्ष्मण तिवारी की भी पोस्टिंग कर दी है। उन्हें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में ओएसडी के पद पर तैनात किया गया है।