Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

देश भर के भ्रष्टाचारियों को एकजुट करने में लगे हैं नीतीश: नितिन नवीन

पटना, 22 मई (हि.स.)। बिहार में विपक्षी दलों की प्रस्तावित बैठक को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश विपक्ष के नेताओं से मिल रहे हैं। नीतीश की इस मुहिम पर भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री नितिन नवीन ने सोमवार को हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश देशभर के भ्रष्टाचारियों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि नीतीश कुमार देशभर के भ्रष्टाचारियों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं। अपने-अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए सारे भ्रष्टाचारियों का जुटान होने वाला है। उन्हें डर है कि साल-2024 में अगर नरेन्द्र मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बन गए तो जो आज बेल पर बाहर हैं, जेल में चले जाएंगे।

भाजपा विधायक ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत अनेक करीबी लोग भ्रष्टाचार के मामले में आज जेल में बंद हैं। बेल की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें बेल भी नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी बेल पर हैं। ऐसे लोगों का पर्दाफाश हो रहा है तो उन्हें बेचैनी हो रही है। जेल में बंद और बेल पर बाहर आए भ्रष्टाचारियों को एकजुट करने की कोशिश हो रही है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के पहले भी कई नेताओं ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश की लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। कहीं भी एक राज्य में अगर विपक्ष की जीत हो जाती है तो ये लोग अपनी मुहिम चलाते हैं। एक भी जीत मिलती है तो उनके बीच उम्मीद जग जाती है लेकिन इसका कोई फायदा उन्हें नहीं मिलता है। नीतीश कुमार भ्रष्टाचारियों को एकजुट करने की लाख कोशिश कर लें लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिलने वाली है।

Exit mobile version