Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

बिहार में मानसून ने अपने निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व दी दस्तक

पटना, 12 जून (हि.स.)। बिहार में मानसून का आगमन 12 जून यानि सोमवार को हो गया है।इससे संबंधित प्रेस विज्ञप्ति पटना के मौसम विज्ञान केन्द्र ने आज जारी की है। केन्द्र के अनुसार इस साल बिहार में मानसून अपने निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व यानि 12 जून को पहुंचा है।

इससे पहले बिहार में मानसून 13 जून को पहुंचता रहा है। ऐसा 17 साल बाद हुआ है। इससे पहले 2006 में समय से पहले मानसून की एंट्री हुई थी। सोमवार सुबह बिहार के किशनगंज जिले में जमकर मानसून की बारिश हुई। वहीं, रविवार देर शाम को पटना, जमुई समेत कुछ जगहों पर बारिश हुई थी। इससे उमस बढ़ गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार मानसून का प्रभाव राज्य के फारबिसगंज (अररिया) पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार तक देखा जा सकता है। इन जिलों में मानसून की बारिश शुरू हो गई है। पूर्णिया में 105.2 एमएम, बलरामपुर (कटिहार) में 57.2 एमएम, सिकटी (अररिया) में 56.4 एमएम, सोनहौला (भागलपुर) में 50.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। बिहार के लोगों को अब जल्द ही आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक आशीष कुमार अनुसार पटना में भी अलगे एक-दो दिन में मानसून की बारिश होने की संभावना है। प्रचंड तापमान के बीच नमी के हो रहे प्रसार की वजह से राज्य के पूर्वी भाग में थंडर स्टॉर्म गतिविधियां अगले दो दिनों में तेज होंगी। केरल के तट पर लगभग एक हफ्ते मानसून ने देर से दस्तक दी थी, लेकिन उसके बाद तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में 13 से 14 जून के बीच राज्य में मानसून की एंट्री की संभावना जताई गई थी लेकिन समय से पहले ही एंट्री हो गई।

पटना और गया में 15 जून तक मानसून देगी दस्तक

पटना-गया जिले में 15 जून और छपरा में 18 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। अगर मानसून अभी की रफ्तार से आगे बढ़ता है तो 20 जून तक पूरे राज्य में इसका असर देखने को मिल सकता है।

Exit mobile version