तापमान में बढ़ाेतरी के साथ बिहार में बढ़ी गर्मी, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
पटना: कुछ दिन गर्मी से राहत मिलने के बाद बिहार का माैसम फिर बदलने लगा है। कुछ दिनों में बारिश और तेज़ आंधी ने जहां लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी। वहीं अब तापमान में लगातर बढ़ाेतरी हाे रही है। इसे लेकर अब मौसम विभाग ने भी चेतावनी दी है कि राज्य एक बार फिर तेज़ गर्मी और लू की चपेट में आ सकता है।राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है।
रविवार को गया में पारा 41.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पटना, भोजपुर, सारण, समस्तीपुर, भागलपुर, सिवान, बक्सर, अरवल, जहानाबाद, शेखपुरा, नालंदा, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और जमुई जैसे जिलों में तापमान 39 से 41 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। बिहार मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में हॉट डे की स्थिति बनेगी। 23 और 24 अप्रैल को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी जिलों, औरंगाबाद, अरवल, गया, कैमूर और रोहतास में लू की स्थिति बनने की प्रबल संभावना है। इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। तापमान 40 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है, और गर्म हवा (लू) लोगों के स्वास्थ्य पर गहरा असर डाल सकती है।