अध्यक्ष बनने के बाद पटना पहुंचे ललन सिंह का जोरदार स्वागत

अध्यक्ष बनने के बाद पटना पहुंचे ललन सिंह का जोरदार स्वागत

पटना: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शुक्रवार पटना पहुंचे ललन सिंह का जोरदार स्वागत हुआ। पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट से लेकर जदयू ऑफिस तक ललन सिंह का भव्य स्वागत किया।

ललन सिंह जदयू कार्यालय में पहुंचे तो यहां भी अफरातफरी का माहौल रहा लेकिन भीड़-भाड़ के बीच ललन सिंह ने बेहद छोटे संबोधन में ऐलान कर दिया कि वह संगठन के लिए दिन-रात काम करेंगे। ललन सिंह ने यह भी कह दिया कि नीतीश कुमार ने उन्हें अध्यक्ष बनाकर सही फैसला किया। आज कार्यकर्ताओं का जो उत्साह देखने को मिल रहा है उसके बाद मैं कह सकता हूं कि नीतीश कुमार ने सही फैसला किया है।

ललन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अहमियत नहीं रखता बल्कि संगठन की ताकत अहमियत रखती है।ललन सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की रक्षा करना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का काम है। हम भरोसा दिलाते हैं कि एक-एक- कार्यकर्ता को सम्मान दिया जाएगा। हम जब भी पटना में रहेंगे 12 बजे से शाम तक पार्टी कार्यालय में मौजूद रहेंगे। ललन सिंह ने पार्टी कार्यालय में मौजूद लोगों से कहा कि पूरे जोश के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का काम करे। आज आप सभी ने जो स्वागत किया उसके लिए हम आपका आभारी हैं।

इससे पहले एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद पार्टी ऑफिस में भी ललन सिंह का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के लिए उपस्थित कार्यकर्ता काफी उत्साहित दिखे। मंच पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। हालात ऐसे हो गए कि खुद ललन सिंह को कार्यकर्ताओं को फटकार लगानी पड़ी।

पार्टी ऑफिस में जदयू के नेता-कार्यकर्ता दोपहर से ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही ललन सिंह पहुंचे तो लोगों का हुजूम उत्साहित होकर मंच पर पहुंच गया। हालात ऐसे हो गए खुद प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को लोगों से मंच से नीचे उतरने के लिए विनती करनी पड़। उमेश कुशवाहा की भी जब कार्यकर्ताओं ने नहीं सुनी तो खुद ललन सिंह को ही लोगों से मंच से नीचे उतरने को कहना पड़ा। अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का माला पहनाकर स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं में होड़ लगी हुई थी। कार्यकर्ता लगातार ‘ललन सिंह जिंदाबाद’ के नारे लगा रहे थे। काफी समझाने के बाद जब भीड़ काबू हुई। उसके बाद ललन सिंह ने मंच से नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

0Shares

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें