Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

गोपालगंज और मोकामा की जनता ने लालू-नीतीश को नकारा: सुशील मोदी

पटना: मोकामा विधानसभा सीट पर भाजपा ने पहली बार चुनाव लड़ा, जिसमें भाजपा उम्मीदवार को 60 हजार से अधिक वोट मिले और 16 हजार वोटों से भाजपा यहां हार गयी। इस पर भाजपा सांसद और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि गोपालगंज और मोकामा की जनता ने लालू-नीतीश के सात दलों के महागठबंधन को नकार दिया है।

सुशील मोदी ने कहा है कि मोकामा की जीत अनंत सिंह की जीत है ना कि तेजस्वी यादव की। मोकामा और गोपालगंज दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में जदयू का आधार वोट कम है। दोनों जगह की जनता ने लालू और नीतीश कुमार के गठबंधन को पूरी तरह से नकार दिया है। मोकामा में नीलम देवी की जीत लालू और नीतीश की जीत नहीं है, बल्कि अनंत सिंह की जीत है।

उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने जदयू को 35 हजार वोटों से हराया था और इस बार नीतीश कुमार से साथ होने के बावजूद हार का अंतर काफी कम रहा। भाजपा पहली बार मोकामा से चुनाव लड़ रही थी। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी 60 हजार से अधिक वोट लाने में सफल रही।

गोपालगंज में भाजपा की हुई की जीत पर सुशील मोदी ने कहा कि भाजपा के आधार वोट में सेंधमारी की कोशिश की जा रही थी। सुशील मोदी ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता को धन्यवाद दिया है। सुशील मोदी ने कहा है कि मोकामा में हर बार अनंत सिंह की जीत होती रही है। इसलिए राजद यह अहंकार न रखे कि यह जीत उसके कारण हुई है।

Exit mobile version