पटना: बिहार के सात पुलिस अधिकारियों का चयन केंद्रीय गृह मंत्री के पदक के लिए किया गया है। इन अधिकारियों का चयन आपराधिक मामलों के अनुसंधान में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए किया गया है। बिहार के इन सात पुलिस पदाधिकारियों में दो एसपी और पांच अन्य अधिकारी शामिल हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री पदक से अलंकृत होने वाले बिहार के सात पुलिस पदाधिकारियों में पुलिस अधीक्षक सायली सावलाराम धूरत और विनय तिवारी के अलावा इंस्पेक्टर रामशंकर सिंह, इंस्पेक्टर विनय प्रकाश, एसआई मनोज कुमार राय, एसआई मो. चांद परवेज और एसआई मो. गुलाम मुस्तफा शामिल हैं।
एसपी विनय तिवारी को पटना में जनवरी 2021 में इंडिगो एयरलाइन्स के स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की हत्याकांड में उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है। इस मामले की जांच एसपी विनय तिवारी के नेतृत्व में हुई थी। विनय तिवारी ने पूरे मामले का उद्भेदन किया और रुपेश की हत्या की गुत्थी सुलझाई थी। एसपी सायली धूरत को अररिया दुष्कर्म मामले की जांच में उत्कृष्टता के लिए पदक से अलंकृत किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि देशभर में कुल 151 पुलिस अधिकारियों का चयन इस पदक के लिए किया गया है। पिछले साल भी बिहार के सात पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री पदक से अलंकृत किया गया था।