Site icon | छपरा टुडे डॉट कॉम | #ChhapraToday.com

बिहार उपचुनाव: मोकामा और गोपालगंज विस सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा मतदान

पटना: बिहार में विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया जारी है। दोनों सीटों का छह नवम्बर को रिजल्ट भी आ जाएगा । मोकामा और गोपालगंज में हो रहे उपचुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सीआरपीएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं।

बिहार प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास ने बताया कि दोनों विधानसभा क्षेत्र में कुल 619 मतदान केंद्र हैं। इसमें गोपालगंज में 330 मतदान केंद्र और मोकामा में 289 मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्र सीआरपीएफ से लैस है। इसके अलावा पेट्रोलिंग पार्टी की तैनाती की गई है।

मोकामा सीट पर सबकी निगाहें
बिहार विधानसभा की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में सबकी निगाहें मोकामा सीट पर हैं। क्योंकि, वहां से दो बाहुबलियों की पत्नियां दोनों प्रमुख पार्टियों की उम्मीदवार हैं। ऐसे में काफी ज्यादा ध्यान प्रशासनिक अमला के साथ-साथ लोगों का भी है कि शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो जाए। मोकामा में पूर्व से भी अदावत की कहानियां चाहे वह चुनावी मैदान हो या फिर टाल मशहूर रही है।

मोकामा विधानसभा उपचुनाव:
मोकामा विधानसभा सीट के लिए कुल 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें 4 पुरुष उम्मीदवार और 2 महिला उम्मीदवार हैं। यहां सामान्य मतदाताओं की संख्या 279852 है, जिसमें पुरुष वोटर 147835 और महिला वोटर 132014 हैं और ट्रांसजेंडर वोटर तीन हैं। यहां सर्विस वोटर की संख्या 1399 है, जिसमें पुरुष सर्विस वोटर 1291 और महिला 108 हैं। इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या 2,81,251 है।

गोपालगंज विधानसभा सीट उपचुनाव
इस सीट पर कुल नौ उम्मीदवार मैदान में है, जिसमें 7 पुरुष और 2 महिला हैं। कुल सामान्य मतदाताओं की संख्या 3,31,021 हैं, जिसमें 1,67,811 पुरुष और 1,63,199 महिला मतदाता हैं। ट्रांसजेंडर मतदाता की संख्या 11 है। सर्विस वोटर की संख्या 448 है, जिसमें पुरुष 413 और महिला सर्विस वोटर 35 हैं। इस प्रकार कुल मतदाताओं की संख्या 331469 है। 193 जगहों पर 330 मतदान केंद्र तैयार किए गए हैं।

शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराना प्राथमिकता
मोकामा और गोपालगंज में शांतिपूर्ण विधानसभा उपचुनाव संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसको लेकर तैयारियां चाक-चौबंद हैं। सीसीटीवी के साथ सुरक्षा के कई तरह के इंतजाम है जो किसी भी परिस्थिति में प्रशासन की तैयारियां कम ना पड़े।

गोपालगंज के पुलिस कप्तान आनंद कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है। किसी तरह की कोई भी कोताही बरती नहीं जा रही है। सभी को सख्त निर्देशित किया गया है। असामाजिक तत्व पर प्रशासन की कड़ी नजर है। अफवाह फैलाने वाले या फिर किसी तरह का विधि व्यवस्था उत्पन्न करने वाले को प्रशासन नहीं छोड़ेगा। जिले में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना जिला प्रशासन के प्राथमिकता है।

पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि पूरी तैयारी मोकामा उपचुनाव को लेकर मुकम्मल की गई है। कहीं कोई कमी नहीं है। संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा के कई तरह के इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण चुनाव हो इसको लेकर जिला प्रशासन हर संभव उपाय करेगी। असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी नजर है। उनके खिलाफ कार्रवाई करने से जिला प्रशासन गुरेज नहीं करेगा।

Exit mobile version